रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में संथाल समाज के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी दो बड़े आदिवासी धार्मिक और सांस्कृतिक सम्मेलनों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने इस पहल का स्वागत करते हुए आयोजनों के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन-2026 का आयोजन आगामी 4 और 5 नवंबर 2026 को गिरिडीह के पीरटांड़ स्थित पवित्र स्थल मरांग बुरु में किया जाएगा।
26वां इंटरनेशनल संताल सोशियो-सरना रिलिजन कॉन्फ्रेंस सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के पावन अवसर पर 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो के टी.टी.पी.एस. ललपनिया में यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा।
इस शिष्टाचार मुलाकात और आमंत्रण कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त एवं 'मरांग बुरु बचाओ मोर्चा' के अध्यक्ष श्री फागू बेसरा सहित संथाल समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
