हजारीबाग। केरेडारी थाना क्षेत्र के पगार ओपी अंतर्गत हुई गोलीबारी की घटना का हजारीबाग पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो घायलों समेत कुल पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। गोली लगने से घायल हुए रूपलाल महतो और रमेश कुमार महतो का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर की रात पगार गांव के नरजोरवा टांड़ फुटबॉल मैदान में ये पांचों युवक पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान माइनिंग क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की साजिश रची जा रही थी। उत्साह में सचिन कुमार महतो ने अवैध पिस्टल से फायरिंग की। इसके बाद, जब रूपलाल महतो हथियार से छेड़छाड़ कर रहा था, तब अचानक चली गोली से वह और रमेश कुमार घायल हो गए—रूपलाल की बाईं हथेली और रमेश की दाहिनी जांघ में गोली लगी।
घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने पुलिस को अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली चलाए जाने की मनगढ़ंत कहानी सुनाई थी। हालांकि, एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने जब गहराई से पूछताछ और मोबाइल की जांच की, तो उनके पास से फायरिंग का एक वीडियो बरामद हुआ, जिससे सारा सच सामने आ गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध पिस्टल,दो जिंदा कारतूस दो खोखे, तीन मोबाइल फोन, एक पेन ड्राइव और दो मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
