रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि जो पार्टी खुद अंदरूनी कलह और गुटबाजी से जूझ रही है, वह 2029 में सत्ता में आने का दावा किस आधार पर कर रही है।

उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा राज्य में पार्टी के बिखराव पर चिंता जताए जाने का हवाला देते हुए कहा कि अब संगठन की आंतरिक खींचतान किसी से छिपी नहीं है।

राकेश सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के भीतर गुटबाजी और बिखराव की बात स्वीकार की जा रही है, जो संगठन की कमज़ोरी को दर्शाता है।

जो पार्टी अपने नेताओं को एक मंच पर नहीं रख सकती, वह जनता को मजबूत नेतृत्व का भरोसा कैसे दिलाएगी। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि झारखंड की जनता केवल चुनावी नारों, पोस्टरों और हवाई दावों से बहकावे में आने वाली नहीं है।

कांग्रेस नेता ने मांग की है कि भाजपा पहले अपने घर को संभाले और यह स्पष्ट करे कि राज्य में कितने गुट सक्रिय हैं, जिसके बाद ही वह भविष्य की राजनीति पर कोई बात करे।