रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने झारखंड में पार्टी को धारदार बनाने और 2029 में सत्ता में वापसी का स्पष्ट रोडमैप तैयार कर लिया है। रांची में शनिवार को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को ताक पर रखकर केवल 'कमल' को सर्वोपरि रखने का कड़ा संदेश दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे राज्य सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाएं और उनके खिलाफ मजबूत एंटी इनकम्बेसी (सत्ता विरोधी) माहौल तैयार करें।
उन्होंने हर विधानसभा और राज्य स्तर के प्रमुख मुद्दों (विशेषकर बदहाल विधि-व्यवस्था) को लेकर सड़क से सदन तक जोरदार आंदोलन करने का आह्वान किया।साथ ही आपसी मतभेदों को भुलाकर संवाद और संबंधों को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने की नसीहत।
नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को पश्चिम बंगाल के संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए मैदान में डटे रहने की सीख दी।झारखंड के छात्र आंदोलन में प्रदेश नेतृत्व की भूमिका की सराहना करते हुए जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर कोर्ट तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है|एमएमडीआर संशोधन कानून से जहां देश और राज्य को फायदा है, वहां यह सरकार इसका विरोध कर रही है| जिस तरह कोरोना का वायरस वेरियंट चेंज करता है, उसी तरह यहां भी रूप बदल कर नुकसान करती है| जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी| महिलाओं के साथ दुष्कर्म, लूट, हत्या के मामले भी बर्दाश्त से बाहर है।उन्होंने कांग्रेस और विरोधी ताकतों पर देश को अस्थिर करने का आरोप लगाते हुए उन्हें कड़ा जवाब देने की बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता हनुमान की तरह हैं| उन्हें उनकी ताकत का अहसास कराना है| जिस तरह हनुमानजी ने लंका भस्म किया था, वैसे ही पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत से झारखंड में कमल खिलायेगा| उन्होंने छात्रों की नौकरी राज्य सरकार द्वारा बेचे जाने का आरोप लगाते कहा कि पार्टी राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ मुखर रहेगी।
इस बैठक की शुरुआत 'वंदे मातरम' गीत के साथ हुई। कार्यक्रम में पार्टी के कई दिग्गज नेता—पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपई सोरेन, मधु कोड़ा, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ सहित पार्टी के सभी सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कई अहम राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए गए।
