रामगढ़। छावनी परिषद रामगढ़ द्वारा शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को शहर के सौंदर्यीकरण और ऐतिहासिक महत्व को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्मारकों व प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और विशिष्ट अतिथि विधायक ममता देवी ने कार्यक्रमों का शुभारंभ किया, संचालन मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने किया।

नईसराय में कारगिल विजय स्मारक, गांधी चौक के पास दांडी यात्रा स्मारक, नवीनीकृत सुभाष चौक, लघु सिंचाई विभाग के समीप सूर्य नमस्कार प्रतिमा और रेलवे स्टेशन के पास अशोक स्तंभ का उद्घाटन किया गया।फुटबॉल मैदान के समीप 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया।

सुभाष चंद्र बोस क्रीड़ास्थल में ‘जन चेतना’ अभियान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती ‘वेस्ट टू आर्ट’ प्रदर्शनी की शुरुआत की गई।

इस पहल का उद्देश्य शहर को सुंदर बनाने के साथ-साथ नागरिकों में देशभक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतिश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।