रांची। भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 14 बिहार बटालियन अपनी स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष मोटरसाइकिल रैली का आयोजन कर रही है। कोलकाता से शुरू हुई यह रैली ओडिशा के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए 27 सितंबर को शाम 4:00 बजे रांची पहुंचेगी।
17 बिहार, खोजाटोली (नामकुम) में आयोजित भव्य समारोह के दौरान सेना के वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी कर्नल समरेश कुमार सिन्हा रैली का भव्य स्वागत करेंगे और 'फ्लैग इन' करेंगे।
यह मोटरसाइकिल रैली सेना के इस मूल मंत्र—’सर्विस के दौरान और सर्विस के बाद भी अपने सहकर्मियों एवं बहादुर जवानों से संबंध बनाए रखना तथा उनकी देखभाल करना’—को चरितार्थ करती है। यात्रा के दौरान रैली दल का मुख्य मकसद सेवानिवृत्त अधिकारियों, पूर्व जवानों और वीर नारियों से व्यक्तिगत रूप से मिलना, उनका हाल-चाल जानना तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहायता प्रदान करना है।
इस विशेष रैली में 04 सैन्य अधिकारी और 15 जवान शामिल हैं।इस आयोजन में होंडा कंपनी की ओर से स्पॉन्सरशिप प्रदान की गई है।रांची में प्रवास के बाद, 28 सितंबर को सुबह 07:00 बजे लेफ्टिनेंट जनरल ज्ञान भूषण (सेवानिवृत्त) रैली को अगले पड़ाव पटना के लिए 'फ्लैग ऑफ' करेंगे।
पटना से आगे बढ़ते हुए यह रैली धनबाद के रास्ते पुनः अपने अंतिम पड़ाव कोलकाता के लिए रवाना हो जाएगी।
