मेदिनीनगर। समाहरणालय सभागार में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ('दिशा') की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने कई योजनाओं की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि अभी भी कई पात्र लोग आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना किसी ठोस कारण के किसी भी लाभुक की किश्त नहीं रोकी जानी चाहिए और सभी योग्य लोगों को योजना से आच्छादित किया जाए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी आवास आवंटन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को समिति के समक्ष रखा।
मानव दिवस सृजन की समीक्षा के दौरान सांसद ने स्पष्ट किया कि जिले में योजना बंद होने को लेकर कुछ अफवाहें फैल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनता के बीच सही स्थिति स्पष्ट करें और किसी भी प्रकार के भ्रम को दूर करें।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने नल-जल योजनाओं के तहत सुचारु रूप से पानी न पहुंचने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को एमवीएस एवं एसवीएस योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
बैठक में हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव ने मुद्दा उठाया कि पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की वजह से सड़कों और विद्युत उपकरणों को क्षति पहुंच रही है। उन्होंने इसकी क्षतिपूर्ति पेयजल विभाग द्वारा कराए जाने की मांग की।
एनएचएआई और सड़क निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने आगामी दशहरा पर्व के मद्देनजर बारिश से सड़कों पर बने गड्ढों को तत्काल भरकर मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रखंड प्रमुखों ने स्कूलों में पेयजल संकट और शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। वित्त मंत्री सह छतरपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर गुणवत्ता के साथ आम लोगों तक पहुंचना अनिवार्य है।
बैठक में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव, विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह, उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के विधायक प्रतिनिधि, प्रखंड प्रमुख एवं ज़िला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
