रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की सामाजिक सरोकार पहल “नन्हा सा दिल” के तहत जन्मजात हृदय रोग (कॉन्जीनेटल हार्ट डीजीज) से पीड़ित 300 बच्चों की सफल सर्जरी पूरी हो चुकी है। इस उपलब्धि के अवसर पर सीसीएल मुख्यालय के स्पंदन सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह सहित कंपनी के शीर्ष प्रबंधन ने लाभार्थी बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना।

इस योजना के तहत सीसीएल का लक्ष्य फरवरी 2027 तक कुल 500 बच्चों का पूरी तरह से नि:शुल्क इलाज और सर्जरी कराना है। इसमें स्क्रीनिंग, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तक जाने-आने, रहने और पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल का पूरा खर्च सीसीएल वहन करता है। कार्यक्रम के दौरान 1 से 11 वर्ष की आयु के पांच बच्चों और उनके परिजनों को “गिफ्ट ऑफ लाइफ सर्टिफिकेट” देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के परिजनों ने सीसीएल का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल ने उनके बच्चों को नया जीवन और परिवार को खुशियाँ दी हैं। सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने इस मौके पर कहा, ‘यह सिर्फ 300 सर्जरी का आंकड़ा नहीं, बल्कि 300 नन्हे दिलों की धड़कनों में नई उम्मीद जुड़ने का दिन है।’ उन्होंने दोहराया कि सीसीएल स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक विकास के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।