रांची। राजधानी रांची में आज करम पूजा का पर्व उल्लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर शहर के विभिन्न पूजा स्थलों को फूल और पत्तियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रांची नगर निगम द्वारा 53 वार्डों के 298 सरना स्थलों और अखड़ा में विशेष प्रबंध किए गए हैं।

22 सितंबर को मोरहाबादी स्थित 'जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग' का अखड़ा रहेगा, जहां आयोजित करम पूजा में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा मुख्य रूप से शामिल होंगी। इसके अलावा सहजानंद चौक (देशवाली सरना सह अखड़ा), सरना टोली, हातमा बस्ती, रांची कॉलेज छात्रावास और करमटोली चौक स्थित सरना स्थल समेत शहर के विभिन्न अखड़ों में शाम को पूजा समितियों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा।

पर्व को लेकर पूरी राजधानी सांस्कृतिक छटा में रंगी नजर आ रही है। अखाड़ों में मांदर की थाप पर पारंपरिक करमा गीत गूंज रहे हैं, और नर्तक दल प्रकृति एवं संस्कृति के संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। सोमवार को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में 'करम पूर्व संध्या समारोह' का आयोजन हुआ, जहां गीत-संगीत के साथ-साथ बच्चों ने ट्राइबल फैशन शो में अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं, समाहरणालय भवन में आयोजित पूर्व संध्या कार्यक्रम के दौरान डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि करमा प्रकृति से जुड़ा पर्व है, जिसका मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति संरक्षण का संदेश देना और उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ना है।