​बोकारो/नई दिल्ली। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के नए निदेशक (वित्त एवं लेखा) पद पर बोकारो के मूल निवासी प्रवीण कुमार का चयन किया गया है। लोक उद्यम चयन बोर्ड द्वारा सोमवार को ऑनलाइन आयोजित साक्षात्कार के बाद उनके नाम की घोषणा की गई।

​डॉ. अशोक पंडा के सेल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बनने के बाद से यह पद खाली था। 21 सितंबर को दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित इस इंटरव्यू में रेलवे और अन्य कंपनियों के कुल 12 अधिकारियों ने हिस्सा लिया था।

बोकारो जिले के सेक्टर 11 के निकट धनडबरा गांव के रहने वाले प्रवीण कुमार का करियर बोकारो स्टील प्लांट से ही शुरू हुआ था। उनके पिता भी बोकारो स्टील प्लांट से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह भद्रावती स्टील प्लांट में अपनी सेवाएं देने के बाद हाल ही में बोकारो स्टील से भिलाई स्टील प्लांट स्थानांतरित हुए थे।

​बोकारो स्टील ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ए. के. सिंह ने प्रवीण कुमार के चयन पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में सेल की वित्तीय स्थिति और अधिक मजबूत होगी।