रांची। बड़गाईं स्थित 8.86 एकड़ की विवादित जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े के मामले में सोमवार को पीएमएलए की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप गठन के बिंदु पर सुनवाई होनी थी, जिसे कोर्ट ने अब 24 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है। अदालत में सोमवार को तकनीकी कारणों से सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। बताया गया कि इंटरनेट सेवा में समस्या आने के कारण अदालती कार्यवाही को आगे बढ़ाना पड़ा और इसके लिए 24 सितंबर की नई तारीख तय की गई।
गौरतलब है कि इस बहुचर्चित बड़गाईं लैंड स्कैम मामले में ईडी की विशेष अदालत पहले ही 16 अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित कर चुकी है। इनमें झामुमो नेता अंतू तिर्की और आर्किटेक्ट विनोद कुमार सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस मामले में नामजद अन्य आरोपियों में राजस्व कर्मचारी भानु प्रसाद प्रताप, बिजेंद्र सिंह, बिपिन सिंह, प्रियरंजन सहाय, मनोज कुमार यादव, कुमार राजश्री, राजकुमार पाहन, संजीत कुमार, शेखर कुशवाहा, तापस घोष, मो. इरशाद अख्तर, अफसर अली, मो. सद्दाम हुसैन और मो. इरशाद शामिल हैं।
