रांची। सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले पर जारी सियासी बयानबाजी के बीच कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। सोमवार को कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंधु तिर्की ने कहा कि यह एक संवेदनशील मामला है, जिस पर प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और पुलिस जांच जारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति—चाहे वह विधायक हो या पत्रकार—को जांच प्रभावित करने का प्रयास नहीं करना चाहिए और कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
बंधु तिर्की के अनुसार इस मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उस पर बिना किसी राजनीतिक संरक्षण या दुर्भावना के कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा सांसद दीपक प्रकाश से सवाल किया कि जब बृजभूषण सिंह पर गंभीर आरोप लगे थे, तब वे मौन क्यों थे और उस समय प्राथमिकी दर्ज होने में महीनों क्यों लगे? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला सुरक्षा के मुद्दों पर अपनी सुविधा के अनुसार अलग-अलग रुख अपनाती है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर सवाल उठाते हुए तिर्की ने कहा कि भाजपा स्पष्ट करे कि पीड़ित नाबालिग बच्ची उन तक कैसे पहुंची और उसे किसने मिलवाया। उन्होंने पूछा कि बच्ची की पीड़ा जानने के बाद मरांडी उसे सीधे थाने लेकर क्यों नहीं गए और उन्होंने इस दिशा में क्या कदम उठाए। तिर्की ने कहा कि भाजपा को जांच पूरी होने से पहले धरना-प्रदर्शन करने और इस मुद्दे को आदिवासी वोट बैंक की राजनीति से जोड़ने के बजाय कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने निशा भगत प्रकरण का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को जांच प्रभावित करने वाली बयानबाजी से बचना चाहिए।
