रांची।केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने सोमवार, 16 नवंबर को रांची स्थित केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के आवास पर दबिश दी। यह कार्रवाई आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले की जांच को आगे बढ़ाने के सिलसिले में की गई है। सीबीआई के लगभग आधा दर्जन अधिकारियों की एक टीम पहाड़ी मंदिर के पास स्थित अजय तिर्की के आवास पर पहुंची और मामले से जुड़े दस्तावेजों व संभावित सबूतों की बारीकी से छानबीन कर रही है। फिलहाल एजेंसी की ओर से इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान आना बाकी है।
इससे पहले, रांची के चर्चित निशा भगत सुसाइड मामले की जांच सीबीआई ने अपने हाथों में ले ली है। सीबीआई ने पिठोरिया थाने में पूर्व में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर नया मामला (RC0482026S0007) दर्ज कर आधिकारिक रूप से जांच की कमान संभाल ली है। इस मामले में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
यह घटना बीते 6 नवंबर की है, जब हंडू भगत की बेटी निशा भगत पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर मृत पाई गई थीं। अपनी मौत से कुछ समय पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए अपनी परेशानियां साझा की थीं। इस दौरान उन्होंने आदिवासी जमीन से जुड़े मामलों, कथित जमीन कब्जे, जमीन माफियाओं और प्रशासनिक स्तर पर सहयोग न मिलने को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे।
घटना के बाद मृतका के पिता हंडू भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया था कि निशा को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, साथ ही सोशल मीडिया पर उनकी छवि धूमिल करने और झूठे मामलों में फंसाने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने पहले एक विशेष जांच दल का गठन किया था और पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया था। हालांकि, परिजनों और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा लगातार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की जा रही थी।
परिस्थितियों को देखते हुए गत 10 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निशा भगत की मौत की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा की थी। अब केंद्रीय एजेंसी द्वारा नियमित एफआईआर दर्ज करने और आवास पर दबिश देने के बाद जांच का दायरा और व्यापक हो गया है। सीबीआई अब निशा भगत की मौत की परिस्थितियों, उनके द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों, प्रताड़ना और इस प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है।
