​नई दिल्ली/रांची। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) में फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड पवेलियन में पारंपरिक माटी कला (टेराकोटा) आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पवेलियन में कारीगर लाइव डेमो के जरिए मिट्टी से ट्रे, सुराही, कप, गिलास, थाली और केतली जैसे आकर्षक व पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद तैयार कर रहे हैं।

​इस लाइव प्रदर्शन की खासियत यह है कि पर्यटक न केवल इन उत्पादों को बनते देख सकते हैं, बल्कि स्वयं भी मिट्टी के बर्तन बनाने का अनुभव ले सकते हैं और कारीगरों से सीधे खरीदारी कर सकते हैं।

​झारखंड सरकार के प्रयासों और माटी कला बोर्ड की पहल के माध्यम से राज्य के पारंपरिक कुम्हारों व शिल्पकारों को कौशल विकास, आधुनिक डिजाइन और बेहतर आजीविका से जोड़ा जा रहा है। इस राष्ट्रीय मंच के जरिए राज्य की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों को सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने और नए बाजार के अवसर मिल रहे हैं।