​रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में 15 दिवसीय विशेष कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। इस पखवाड़े का शुभारंभ 15 नवंबर को 'रन फॉर क्लीनलिनेस' (स्वच्छता के लिए दौड़) के साथ हुआ, जबकि 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में एक भव्य समारोह के साथ इसका समापन होगा।

​इस दौरान राज्यभर में स्वच्छता अभियान, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, मेला-सह-प्रदर्शनी और विकास योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

15 नवंबर को सुबह 7 से 8 बजे तक राज्य के सभी जिलों में 'रन फॉर क्लीनलिनेस' का आयोजन किया गया। इसके तहत प्रमुख स्थलों से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसका समापन प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ हुआ।

​17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके।

​जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। विजेता प्रतिभागियों को 28 नवंबर को मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। खेलगांव में आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों और हर जिले के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, जिलों के विशिष्ट उत्पादों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।

​26 से 28 नवंबर तक प्रतिदिन खेलगांव में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें झारखंड की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।

​मुख्य समारोह 28 नवंबर को खेलगांव में आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

​यह 15 दिवसीय पखवाड़ा स्वच्छता, जनभागीदारी, प्रतिभा सम्मान और विकास योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर लाने का एक बड़ा प्रयास है।