- जमशेदपुर प्लांट में जगह की कमी के चलते अब डाउनस्ट्रीम उत्पादों पर रहेगा विशेष फोकस
- ओडिशा के कलिंगानगर और नीलाचल में बढ़ेगी क्षमता, लुधियाना की तर्ज पर लगेंगे इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस
- मिडिल ईस्ट युद्ध से हर तिमाही 1400 करोड़ तक का असर, घरेलू ऑटो और कंस्ट्रक्शन सेक्टर से मिल रही राहत
जमशेदपुर। देश की अग्रणी इस्पात निर्माता कंपनी टाटा स्टील आने वाले वर्षों में अपनी उत्पादन क्षमता और कारोबार का बड़े पैमाने पर विस्तार करने जा रही है। कंपनी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में एक नया स्टील प्लांट स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रही है। यदि राज्य सरकार की ओर से पर्याप्त जमीन और आवश्यक प्रोत्साहन मिलता है, तो कंपनी इस परियोजना पर आगे बढ़ेगी। इस विस्तार योजना के तहत टाटा स्टील ने वर्ष 2030 तक 40 मिलियन टन और भविष्य में कुल 50 मिलियन टन इस्पात उत्पादन क्षमता हासिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।
रविवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कंपनी की भावी रणनीतियों और वैश्विक चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
टीवी नरेंद्रन ने स्पष्ट किया कि जमशेदपुर स्टील प्लांट शहर के बीचोंबीच लगभग 1800 एकड़ क्षेत्र में स्थित है, जहां अब जमीन की उपलब्धता सीमित है। इसलिए यहां मुख्य इस्पात उत्पादन क्षमता बढ़ाना व्यावहारिक नहीं है। ऐसे में जमशेदपुर में कंपनी का मुख्य फोकस डाउनस्ट्रीम और वैल्यू एडेड उत्पादों पर रहेगा, जिसके तहत कांबी मिल और टिनप्लेट डिवीजन का विस्तार किया जा रहा है।
दूसरी ओर बड़े स्तर पर उत्पादन क्षमता बढ़ाने का मुख्य केंद्र ओडिशा रहेगा। श्री नरेंद्रन के अनुसार ओडिशा के कलिंगानगर में करीब 6000 एकड़ और नीलाचल में लगभग 3000 एकड़ जमीन उपलब्ध है। नीलाचल में 5 मिलियन टन क्षमता विस्तार की योजना प्रस्तावित है।
कंपनी देश के उन हिस्सों में जहां स्क्रैप की पर्याप्त उपलब्धता है, वहां लुधियाना की तर्ज पर एक या दो नए इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (ईएएफ) प्लांट लगाने पर विचार कर रही है। नरेंद्रन ने बताया कि करीब 150 एकड़ जमीन और 3000 करोड़ रुपये के निवेश से 0.8 मिलियन टन सालाना क्षमता वाला ऐसा प्लांट दो साल में तैयार हो सकता है। हालांकि, पूर्वी भारत में लौह अयस्क के प्रचुर भंडार को देखते हुए यहां पारंपरिक आयरन ओर आधारित उत्पादन को ही प्राथमिकता दी जाएगी।
वैश्विक चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और भू-राजनीतिक अस्थिरता के कारण कंपनी को हर तिमाही लगभग 1000 से 1400 करोड़ रुपये तक का वित्तीय असर झेलना पड़ रहा है। पिछले 15 वर्षों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्टील की कीमतें करीब 600 डॉलर प्रति टन के आसपास स्थिर हैं, जबकि कोयले की कीमत 210 डॉलर से बढ़कर 290 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गई है। इससे मार्जिन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। हालांकि, घरेलू बाजार में ऑटोमोबाइल और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की मजबूत मांग से कंपनी को बड़ी राहत मिल रही है और चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही बेहतर रहने की उम्मीद है।
कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए कंपनी 'हिसारना' और 'ईजीमेल्ट' जैसी आधुनिक तकनीकों पर काम कर रही है। श्री नरेंद्रन ने उम्मीद जताई कि यूरोप की तरह भारत सरकार भी ग्रीन स्टील को बढ़ावा देने के लिए जल्द प्रोत्साहन नीति लाएगी।
उन्होंने कहा कि कंपनी का सर्वाधिक विस्तार झारखंड और ओडिशा में हुआ है। सीधे रोजगार की सीमाओं को देखते हुए कंपनी एनटीटीएफ और जेएन टाटा वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दे रही है। साथ ही, अफर्मेटिव एक्शन प्लान के तहत बड़ी संख्या में आदिवासी उद्यमियों को वेंडर के रूप में जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
टाटा इंटरनेशनल का चेयरमैन बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे पहले से ही बोर्ड में थे और जल्द ही इस नई भूमिका पर विस्तार से बात करेंगे।
