धनबाद। कोयलांचल में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला धनबाद अंचल कार्यालय का है, जहां पदस्थापित अंचलाधिकारी (सीओ) रामप्रवेश कुमार से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं चुकाने पर में उन्हें जान से मारने की सीधी धमकी दी गई है। इस बाबत सीओ ने धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 14 सितंबर की शाम करीब 7:11 बजे सीओ के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप और साधारण टेक्स्ट मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने रंगदारी के तौर पर 1 करोड़ रुपये की मांग की। हद तो तब हो गई जब अपराधी ने रंगदारी की रकम जमा कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की राजगंज शाखा का एक खाता नंबर भी साथ में शेयर कर दिया।

अंचलाधिकारी ने पुलिस को सौंपे अपने आवेदन में आशंका जताई है कि धमकी देने वाले संदिग्ध व्यक्ति का नाम 'राजू' हो सकता है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस को सबूत के तौर पर व्हाट्सएप पर मिले धमकियों और बैंक अकाउंट से जुड़े मैसेजेस के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए हैं।

धनबाद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से संबंधित मोबाइल नंबर के लोकेशन और दिए गए बैंक खाते के खाताधारक की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।