नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026 में स्थित झारखंड पवेलियन में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने भ्रमण कर राज्य की कला, संस्कृति और उत्पादों का अवलोकन किया। मेले में झारखंड के पारंपरिक खानपान और जैविक उत्पादों को लेकर आगंतुकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, जिससे पवेलियन में भारी भीड़ उमड़ रही है।
पवेलियन में रागी से बने लड्डू, ठेकुआ, नमकीन और देसी अचार लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। 'जोहार रागी' स्टॉल की संचालिका अस्मिता और सुषमा के अनुसार, रागी चॉकलेट की मांग इतनी अधिक रही कि जल्द ही इसका पूरा स्टॉक बिक गया। यह बढ़ती मांग राज्य की महिला उद्यमियों के लिए नए बाजार खोल रही है।
इसके अलावा, 'अरजनीत फार्म' के स्टॉल पर प्रदर्शित नीम और तुलसी जैसे एकल पुष्प स्रोतों से तैयार 'मोनोफ्लोरल शहद' भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। संचालक पुनीत कंचन कुजूर ने बताया कि अलग-अलग फूलों से प्राप्त शहद के विशिष्ट स्वाद और सुगंध को आगंतुक काफी सराह रहे हैं। स्थानीय उत्पादों को मिल रहा यह सकारात्मक प्रतिसाद झारखंड की पारंपरिक खाद्य संस्कृति और उद्यमशीलता की नई संभावनाओं को दर्शाता है।
