रामगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपनी पत्नी साक्षी धोनी और करीबी दोस्तों के साथ पतरातू लेक रिजॉर्ट पहुंचे। यहाँ उन्होंने पतरातू की खूबसूरत वादियों और झील के मनमोहक नजारों के बीच पत्नी साक्षी का जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया।

​धोनी के साथ उनके करीबी मित्र भी मौजूद थे। रिजॉर्ट पहुंचने के बाद धोनी मोटर बोट के जरिए पतरातू डैम के बीच स्थित आइलैंड पर गए, जहां शांत और प्राकृतिक वातावरण के बीच साक्षी का जन्मदिन सेलिब्रेट किया गया।

'कैप्टन कूल' के पतरातू पहुंचने की खबर जैसे ही आसपास के इलाकों में फैली, युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उनकी एक झलक पाने के लिए डैम परिसर में जुट गई। इस दौरान धोनी ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और कई युवाओं से मुलाकात कर उन्हें ऑटोग्राफ दिए। धोनी के आगमन से पूरे लेक रिजॉर्ट में खासा उत्साह और गहमागहमी का माहौल देखने को मिला।

​करीब तीन से चार घंटे तक पतरातू की हसीन वादियों का लुत्फ उठाने के बाद धोनी अपने साथियों के साथ वापस रांची के लिए रवाना हो गए।

​