बरही/बगोदर। चौपारण के दानुवा घाटी में बीते 11 नवंबर को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत कुल सात लोगों की दर्दनाक मौत के बाद शुक्रवार को झारखंड प्रजापति (कुम्हार) समन्वय समिति का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रदेश अध्यक्ष अविनाश देव के नेतृत्व में बरही के प्रजापति समाज के दर्जनों लोगों ने बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अटका के बिहारो गांव जाकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और घटना की विस्तृत जानकारी ली।

परिजनों ने बताया कि परिवार के बुजुर्ग कुंजो कुम्हार के निधन के बाद सभी लोग सवारी वाहन से उनका दाह संस्कार करने काशी जा रहे थे। इसी दौरान दानुवा घाटी स्थित हथिया बाबा मंदिर के समीप वाहन कुछ देर के लिए रुका था, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने टक्कर मार दी। इसी बीच एक अन्य ट्रक ने भी सवारी वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस हृदयविदारक दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल बेबी देवी एवं एक अन्य व्यक्ति का इलाज चल रहा है, जिन्हें तत्काल आर्थिक सहायता की आवश्यकता है।

इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि राजू पंडित और उनकी पत्नी सावित्री देवी की मौत के बाद उनके तीन बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। जब तीन साल के मासूम ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

इस पर गहरा दुख जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष अविनाश देव ने कहा कि यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने घोषणा की कि वे आज से इन तीनों अनाथ बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाएंगे। यदि परिवार सहमति दे, तो वे तीनों बच्चों को अपनी देखरेख में रखकर पढ़ाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रजापति समाज इन बच्चों को कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।