बोकारो। व्यस्त राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच जब कोई अपनों के सुख-दुःख में खड़ा होता है, तो रिश्ते और भी गहरे हो जाते हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बार फिर अपने पुराने और आत्मीय रिश्तों को निभाते हुए बोकारो में अपने बचपन के मित्र राकेश कुमार सिंह के परिवार का दुख साझा किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोकारो के सेक्टर 3 ए स्थित आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बचपन के दोस्त राकेश कुमार सिंह की दिवंगत मां स्वर्गीय शांति सिंह के ब्रह्म भोज कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने स्वर्गीय शांति सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस भावुक मौके पर मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना और ढांडस बंधाया।
इस दौरान चंदनकियारी के झामुमो विधायक उमाकांत रजक और बोकारो विधायक श्वेता सिंह भी मौजूद रहीं।
परिवार से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने बोकारो से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि बचपन से ही उनका इस शहर से गहरा नाता रहा है और यहां उनके कई पुराने मित्र, परिचित व रिश्तेदार हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के एक अहम दौर को उन्होंने बोकारो में बिताया है और इसी आत्मीय संबंध तथा सामाजिक दायित्व के नाते वे अपने परिचित के यहां श्राद्ध कार्यक्रम के अंतिम दिन इस दुख की घड़ी में शामिल होने पहुंचे।
