हजारीबाग। हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत पगार ओपी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने ऋत्विक कंपनी के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए बीती रात ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस घटना के बाद कंपनी परिसर समेत आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधियों ने क्षेत्र में भय फैलाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया। गोलीबारी के बाद मौके पर एक धमकी भरा पर्चा भी छोड़ा गया है। पर्चे में राहुल दुबे के अलावा अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नामों का उल्लेख किया गया है। इसमें ऋत्विक कंपनी के उच्च अधिकारी सतीश जी को संबोधित करते हुए बातचीत नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। साथ ही शरद बाबू का हवाला देते हुए अगली बार बड़ी घटना को अंजाम देने की धमकी भी दी गई है। पर्चा सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। मामले में पगार ओपी में कांड संख्या 134/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गोलीबारी के कारणों, धमकी भरे पर्चे की सत्यता और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
