लातेहार। प्रदेश कांग्रेस द्वारा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में मनिका प्रखंड के पोखरी गांव में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसके अलावा लातेहार प्रखंड के परसही पंचायत में ग्राम प्रधानों के साथ पेसा नियमावली को लेकर अहम बैठक हुई।

पोखरी गांव में आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान संबंधित बूथ के बीएलओ और ग्रामीणों की मौजूदगी में मतदाता सूची की ड्राफ्ट कॉपी पढ़कर सुनाई गई। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ग्रामीणों से मतदाता सूची को लेकर फीडबैक लिया तथा एसआईआर (गहन पुनरीक्षण अभियान) प्रक्रिया, नाम जुड़वाने और मताधिकार की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और कोई भी व्यक्ति अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लोगों की जागरूकता और भागीदारी को आवश्यक बताया।

वहीं, परसही पंचायत में ग्राम प्रधानों के साथ हुई बैठक में पेसा नियमावली के विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। इस दौरान ग्राम स्वशासन को सशक्त बनाने और ग्राम प्रधानों के अधिकारों को अधिक प्रभावी करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों को बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का झारखंड आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष संतनु मिश्रा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।