रांचीः न्यूजीलैंड और भारत के बीच तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय लॉन बॉल्स टेस्ट सीरीज का आयोजन 16 से 18 नवंबर तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित रॉयल ओक बाउल्स में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टेस्ट सीरीज का आयोजन न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय खेल संस्था बॉल्स न्यूजीलैंड के नियंत्रण एवं दिशा-निर्देशों के तहत किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक देश की टीम में दो पुरुष एवं दो महिला खिलाड़ी शामिल होंगे। झारखंड लॉन बॉल के महासचिव सह कोच मधुकांत पाठक ने इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के बारे में बताया कि भारतीय टीम में झारखंड के तीन खिलाड़ी शामिल किय गये हैं। इनमें दिनेश महतो, सुनील बहादुर (कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट) और रेशमा कुमारी (एशियन मेडलिस्ट) शामिल हैं। अर्जुना अवार्ड पिंकी (कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट) दिल्ली की हैं। फिलहाल चारों खिलाड़ी रांची के मैदान में पसीना बहा रहे हैं। श्री पाठक ने बताया कि न्यूजीलैंड के साथ तीन दिनों तक चलने वाली इस सीरीज में कुल तीन टेस्ट खेले जाएंगे। प्रत्येक टेस्ट में पांच मुकाबले आयोजित होंगे, जिनमें पुरुष पेयर्स, महिला पेयर्स, मिक्स्ड फोर्स तथा दो मिक्स्ड पेयर्स मुकाबले शामिल हैं। भारतीय टीम में झारखंड के तीन खिलाड़ियों के शामिल होने पर खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, झारखंड लॉन बॉल के अध्यक्ष शीतल झा, झारखण्ड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, संयुक्त सचिव आशीष झा, कोषाध्यक्ष शैलेश सिंह, रितेश झा, बिपिन सिंह, सीडी सिंह, आशु भाटिया, योगेश यादव सहित अन्य ने बधाई दी है।