बोकारो। जिले के बेरमो और गोमिया थाना क्षेत्रों में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। जारंगडीह अपर बंगाल में चोरों ने दो बंद क्वार्टरों के ताले तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और शादी का राशन पार कर दिया। वहीं, गोमिया में छठ पूजा मनाने गए एक परिवार के बंद घर से बेटी की शादी के लिए रखे करीब नौ लाख रुपये के जेवरात और 65 हजार रुपये नकद चोर उड़ा ले गए। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

​जारंगडीह अपर बंगाल में देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

​पहली घटना कौशल्या देवी के क्वार्टर नंबर 1बी-3 में हुई। कौशल्या देवी के अनुसार वह अपने मायके जैनामोड़ गई हुई थीं। सुबह घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उनके घर से छह तोला सोने के जेवरात, करीब आधा किलो चांदी और 15 हजार रुपये नकद गायब हैं।

​दूसरी घटना पड़ोस में स्थित विनोद कुमार सिंह के क्वार्टर में हुई। उनकी बेटी की शादी 25 नवंबर को तय है, जिसकी तैयारी के लिए घर में करीब 50 हजार रुपये का राशन रखा गया था। चोरों ने ताला तोड़कर पूरा राशन चोरी कर लिया।

​घटना की सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घरों का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही स्थानीय लोगों को अपने घरों और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​गोमिया पंचायत के मध्य दुर्गा मंदिर के समीप चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब नौ लाख रुपये के जेवरात और 65 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरात गृहस्वामी शिवराम सिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए रखे थे।

पेशे से एलआइसी एजेंट शिवराम सिंह के अनुसार पूरा परिवार छठ पूजा मनाने रिश्तेदार के घर गया था। बीती रात शक्तिपुंज से लौटने के बाद जब घर पहुंचे और दरवाजा खोला, तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दो अलमारियों और दो बक्सों को तोड़कर नकदी व जेवरात चुरा लिए।

​सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

​क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। इससे पहले स्वांग ऑफिसर्स कॉलोनी में सीसीएल मैनेजर के घर भी लाखों रुपये की चोरी हो चुकी है। लगातार सामने आ रही इन वारदातों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।