रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी के. राजू ने सोमवार को समीक्षा बैठक में कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट संकल्प है कि किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार बिना किसी उचित कारण के छीनने नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में षड्यंत्र कर मतदाता सूची से लोगों के नाम हटवाने का प्रयास किया। अब झारखंड में भी वैसी ही कोशिश की जा रही है। लेकिन कांग्रेस का प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता पूरी सतर्कता के साथ इस प्रक्रिया पर नजर रखे हुए है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बेवजह मतदाता सूची से हटने नहीं देगा।
सोमवार को मोराबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एंड कम्यूनिकेशन विभाग एवं सोशल मीडिया विभाग की उन्होंने समीक्षा बैठक की। इसमें दोनों विभागों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा हुई। आगामी रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसमें मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मौके पर के. राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर पूरी तरह गंभीर है। पिछले कई महीनों से पार्टी राज्यभर में इस अभियान पर लगातार कार्य कर रही है। झारखंड में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने 21 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए हैं। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता एसआईआर को लेकर पूरी तरह सजग और सक्रिय है।
