बोकारो। धान की रोपनी के बाद फसलों में यूरिया खाद डालने का सही समय निकल रहा है, लेकिन बोकारो जिले के किसानों को सरकारी दर पर खाद नहीं मिल पा रही है। चन्दनकियारी और चास समेत पूरे जिले में खाद की कृत्रिम किल्लत दिखाकर जमकर कालाबाजारी की जा रही है। सरकार द्वारा यूरिया का निर्धारित मूल्य 266 से 268 रुपये प्रति बोरी तय है। इसके बावजूद किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया खरीदने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। दुकानदारों द्वारा किल्लत का हवाला देकर मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है और किसान 480 से 550 रुपये प्रति बोरी तक यूरिया खरीदने को विवश हैं। किसानों की इस गंभीर समस्या को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा, चन्दनकियारी के संयोजक जगन्नाथ रजवार ने मंगलवार को बोकारो के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। श्री रजवार ने मांग की है कि यूरिया खाद की कालाबाजारी पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक पंचायत मुख्यालय में पारदर्शी व सरल व्यवस्था बनाई जाए, जिससे सभी किसानों को सरकारी निर्धारित मूल्य पर आसानी से यूरिया खाद उपलब्ध हो सके।