जमशेदपुर। युवा आजसू के दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन का शुक्रवार को टाउन हॉल (सिदगोड़ा, जमशेदपुर) में ऊर्जावान माहौल में शानदार आगाज हुआ। अधिवेशन के प्रथम दिन राज्य भर के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों युवा प्रतिनिधियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने युवाओं में जोश भरा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में झारखंड को नई दिशा देने की जिम्मेदारी अब युवाओं के कंधों पर है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे जनहित के मुद्दों पर सजग, संगठित और संघर्षशील बनें तथा राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
सुदेश महतो ने स्पष्ट किया कि हम युवाओं के हाथों में नेतृत्व देखना चाहते हैं। जब तक युवा आगे बढ़कर जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे, तब तक प्रदेश की दशा और दिशा नहीं बदल सकती। आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व सौंपने के संकल्प के साथ ही यह अधिवेशन आयोजित कर रही है। चुनावी परिणाम चाहे जो हों, आजसू ने हमेशा झारखंड के विकास की एक अलग पहचान बनाई है। हमारा उद्देश्य कल, आज और आने वाले कल का सशक्त आजसू तैयार करना है।
इन अहम मुद्दों पर पारित हुए प्रस्ताव
अधिवेशन के दौरान युवा सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, राजनीतिक भागीदारी, स्वरोजगार तथा संगठन के सुदृढ़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मांडू विधायक निर्मल महतो,पूर्व मंत्री व केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस तथा गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय सचिव हरीश कुमार ने किया। इस दौरान केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, प्रो. रविशंकर मौर्य, संजय मेहता, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक टिकैत महतो, जमशेदपुर जिला संयोजक मंटू शुक्ला, अब्दुल जब्बार, पीयूष चौधरी समेत अनेक वक्ताओं ने सभा को संबोधित किया।
मौके पर उमेश सिंह भोगता, चंद्रगुप्त सिंह, डोमन टुडू, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, अप्पू तिवारी, आजसू छात्रसंघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, अंजू तिर्की, करण महतो सहित युवा आजसू के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
