​गिरिडीह। जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के मंझलाडीह गांव में रविवार देर रात कथित प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में स्थानीय निवासी नीरज शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गोली उनके बाएं हाथ की कलाई में लगी है, जिससे कलाई पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

​घायल नीरज शर्मा का प्राथमिक इलाज पहले धनबाद के एक अस्पताल में किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

​अस्पताल में इलाजरत घायल युवक नीरज शर्मा ने बताया कि वह रविवार रात अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उसके घर गया था। युवती ने उसे दो बार फोन कर घर बुलाया था। नीरज के अनुसार वह पिछले 10 से 12 वर्षों से युवती के भाई प्रभाकर का करीबी मित्र है। दोनों का साथ में घूमना, क्रिकेट खेलना और एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान करीब दो वर्ष पहले उसकी दोस्ती युवती से हुई, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई।

​पीड़ित युवक के अनुसार रविवार रात युवती ने खुद घर का मुख्य दरवाजा खोलकर उसे अंदर बुलाया और गेट बंद कर दिया। दोनों अंदर बैठकर करीब दो से तीन मिनट तक बातचीत कर ही रहे थे कि इसी बीच घरवालों को भनक लग गई और उन्हें शक हो गया।

​नीरज का आरोप है कि शक होने पर युवती के दोनों भाई बाहर निकल आए और कुछ ही देर बाद उनके पिता ग्रामीण डॉक्टर उमेश प्रसाद हथियार लेकर वहां पहुंच गए। परिजनों ने बाहर से गेट खोलने के लिए आवाज लगाई। जैसे ही दरवाजा खोला गया, सामने युवती के पिता और दोनों भाई खड़े थे।

​नीरज शर्मा ने कहा कि दरवाजा खुलते ही लड़की के एक भाई ने अपने पिता से मुझ पर गोली चलाने को कहा। इसके तुरंत बाद पिता डॉक्टर उमेश प्रसाद ने फायरिंग कर दी। गोली सीधे मेरे बाएं हाथ की कलाई में लगी और मैं जमीन पर गिर पड़ा। घायल होने के बाद भी उन्होंने बेरहमी दिखाई और मेरे दूसरे हाथ पर लोहे की रॉड से वार किया। इसके बाद मैं बेहोश हो गया।

​घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।