मेदिनीनगर (पलामू)। जिले के मनातू थाना क्षेत्र के पदमा स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट के पास शनिवार को एक अनोखा और हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। प्रेम प्रसंग में धोखा मिलने से नाराज एक युवती अचानक बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार युवती पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के तिलो गांव स्थित पकरियाडीह की रहने वाली है। उसके पिता का निधन हो चुका है और उसने 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वहीं, कथित प्रेमी देवडीह गांव का रहने वाला एक नाबालिग युवक है।

युवती का आरोप है कि दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन बाद इसी वादे से मुकर गया। इसी बात से आहत होकर युवती ने यह खतरनाक कदम उठाया और गुस्से में टावर पर जा चढ़ी।

युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने काफी मशक्कत और सूझबूझ से समझाकर युवती को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

मनातू थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ पाया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।