रामगढ़: शहर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बागीचा मुहल्ला स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर के समीप सड़क किनारे युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान वैष्णो देवी मंदिर के निकट रहने वाले सुमित अग्रवाल (35) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधियों ने धारदार हथियार से सुमित का गला रेतने के साथ-साथ शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि सुमित मंगलवार शाम करीब पांच बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजन घटनास्थल पहुंचे और उसकी पहचान की।

स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार शाम सुमित को गोलपार मुहल्ला और बागीचा क्षेत्र में अपनी मोटरसाइकिल से घूमते हुए देखा गया था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में कई मामलों में जेल जा चुका था। नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाइयों से जुड़े मामलों में भी उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी थी। प्रारंभिक आशंका है कि किसी पुराने विवाद या साथियों के बीच हुए विवाद के कारण उसकी हत्या की गई हो सकती है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल रामगढ़ थाना पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।