बोकारो। फुसरो के हिंदुस्तान पुल से 7 अगस्त को दामोदर नदी में कूदी पिछरी निवासी सुमन देवी का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद किया गया। तेज नदी के बहाव में बहकर महिला का शव भंडारीदह तक पहुंच गया था। शनिवार दोपहर गोताखोरों ने भंडारीदह स्थित शिव शक्ति मंदिर के समीप नदी से शव को बाहर निकाला। शव मिलने की सूचना पर बेरमो बीडीओ, थाना प्रभारी समेत पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी नदी किनारे जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम पसरा हुआ है।