जमशेदपुर। जमशेदपुर में राजनीतिक सरगर्मी उस समय हिंसक झड़प में बदल गई, जब बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय 'तिलक पुस्तकालय' के बाहर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। जेएनयू प्रकरण को लेकर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार और कांग्रेस के उपाध्यक्ष सहित दर्जनभर से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए।

भाजपा महानगर महिला मोर्चा ने जेएनयू प्रकरण को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर आक्रोश प्रदर्शन का आयोजन किया था। प्रदर्शनकारी सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, उनकी गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते तीखी बहस धक्का-मुक्की और फिर दोनों तरफ से पथराव में बदल गई।

इस झड़प में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार और कांग्रेस उपाध्यक्ष समेत दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से बिष्टुपुर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद से शहर में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे। हालांकि, पथराव की शुरुआत किस पक्ष की ओर से हुई, इसको लेकर दोनों दलों के अपने-अपने दावे हैं और पुलिस प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। विस्तृत जांच के बाद ही इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।