मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के चर्चित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड में पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राकेश तिवारी और प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल के घर पर कुर्की-जब्ती की है। सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को यह कार्रवाई अंजाम दी गई।

गौरतलब है कि 25 अप्रैल को जमीन कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई के कारण विनीत तिवारी का अपहरण कर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। 26 अप्रैल को पुलिस ने उनका शव झाड़ियों से बरामद किया था। परिजनों की नामजद प्राथमिकी के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूर्व में मामले के अन्य आरोपियों प्रशांत तिवारी, दिलीप तिवारी और रौशन तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मामले में फरार चल रहे आरोपी राकेश तिवारी और प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल को आत्मसमर्पण कराने के लिए पुलिस ने 31 मई को उनके घर पर इश्तेहार चस्पा किया था। लगातार पुलिसिया दबिश के बावजूद जब दोनों ने समर्पण नहीं किया, तो पलामू व्यवहार न्यायालय ने कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया।

सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी राजेश यादव ने बताया कि न्यायालय के निर्देशानुसार ही यह कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई है। इस अभियान में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, पुलिस अधिकारी श्रीराम शर्मा, अनिल कुमार यादव, संगीता झा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।