रामगढ़। विश्व हिंदू परिषद झारखंड की महिला इकाई मातृशक्ति की ओर से रामगढ़ के बिंझार स्थित मान्या बैंक्वेट हॉल एंड रिजॉर्ट में आयोजित तीन दिवसीय प्रांत मातृशक्ति प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में विहिप झारखंड के प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार, मातृशक्ति प्रमुख अनिमा पांडेय, सह प्रमुख शशि शर्मा और बाल संस्कार केंद्र प्रमुख सबिता सिंह मौजूद रहीं।

समापन समारोह की शुरुआत भगवान श्रीराम, मां दुर्गा और भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर हुई। प्रशिक्षण वर्ग में झारखंड के विभिन्न जिलों से सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया।

प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय चिंतन में महिलाओं की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने सामाजिक चुनौतियों के प्रति समाज को जागरूक करने में मातृशक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महिलाओं से अपने घर और आसपास बाल संस्कार केंद्र संचालित करने का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन-मूल्यों से जोड़ना जरूरी है। संस्कारवान पीढ़ी ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है।

वहीं मनोज पोद्दार ने कहा कि मातृशक्ति को मां दुर्गा के साहस, शक्ति और आत्मसम्मान को आदर्श बनाना चाहिए। जागरूक, संगठित और संस्कारित मातृशक्ति ही समाज की ताकत है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार के साथ-साथ संस्कारवान और सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक दायित्व, सेवा कार्य, योग, व्यायाम और खेलकूद सहित शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए गए।

समापन के बाद अतिथि भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के लोगों को भी आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में विहिप और विभिन्न सहयोगी संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।