हजारीबाग। चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां स्थित ‘वैष्णवी ज्वेलरी’ में हुई दुस्साहसिक लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर लगभग 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ हथियार, गोली, चाकू, औजार, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
यह सनसनीखेज वारदात 25 और 26 सितंबर 2026 की दरमियानी रात की है। चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां स्थित वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में अज्ञात अपराधियों ने धावा बोला था। अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान के मालिक और उनके परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया था और दुकान से सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के तुरंत बाद चौपारण थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन छानबीन शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर गोरहर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर इस गिरोह के तार धनबाद जिले तक जुड़े मिले। धनबाद के हरिणा स्थित ‘विजय ज्वेलर्स’ से लूटे गए आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामान में लगभग 48.26 ग्राम सोने के आभूषण और करीब 4.051 किलोग्राम चांदी के जेवरात शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग जिलों में ज्वेलरी दुकानों की रेकी करने के बाद आपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह का हाथ हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और अन्य इलाकों में हुई पूर्व की लूट की घटनाओं में भी है या नहीं।
