धनबाद।जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सदरियाडीह गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में एक राजमिस्त्री और दूसरा मजदूर शामिल था, जो टैंक की सेंटरिंग खोलने के लिए अंदर उतरे थे।
जानकारी के अनुसार, लगभग 12 फीट गहरे इस सेप्टिक टैंक की ढलाई करीब एक महीने पहले की गई थी। गुरुवार को सेंटरिंग हटाने के लिए दोनों मजदूर टैंक के भीतर दाखिल हुए। लेकिन टैंक के अंदर पहले से बनी अत्यधिक जहरीली गैस के कारण उतरते ही दोनों दम घुटने से बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन-फानन में दोनों को तुरंत 'सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाघमारा' ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान दिलीप महतो (45 वर्ष) और राजेश महतो (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
