हजारीबाग। हजारीबाग पूर्वी वन प्रमंडल द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बुधवार को दूधमटिया में वार्षिक पर्यावरण मेला आयोजित किया गया। मौके पर उपस्थित प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख झारखंड संजीव कुमार ने “वन्य जीव बचाओ, धरती बचाओ, इस दुनिया को स्वर्ग बनाओ” का संदेश दिया। संजीव कुमार ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, वृक्ष रक्षाबंधन तथा वन्य प्राणियों की सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा लगाए गए पेड़ों की रक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वनों और वन्य प्राणियों की सुरक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने समाजसेवी सह पर्यावरणविद् महादेव महतो, मनोज सिंह, दिनेश खंडेलवाल, दुष्यंत मेहता, सुरेंद्र कुमार को सम्मानित किया और पर्यावरण के क्षेत्र में उनके द्वारा दिए गए योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीणों समेत बड़ी संख्या में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने भाग लेकर वृक्ष रक्षाबंधन कार्य किया तथा वन्य प्राणियों की सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक ममता प्रियदर्शी, वन प्रमंडल पदाधिकारी कुमार उज्जवल सहित हजारीबाग रीजन के विभिन्न वन प्रमंडलों के वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।