जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत बंडामुंडा और बिसरा स्टेशन के बीच शुक्रवार देर रात अचानक एक जंगली हाथी रेलवे ट्रैक के बेहद पास पहुंच गया। हाथी की मौजूदगी की भनक लगते ही रेलवे प्रशासन ने एहतियातन अप, डाउन और थर्ड—तीनों लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। इस कारण हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक परिचालन पूरी तरह ठप रहा।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार देर रात करीब 1:25 बजे बंडामुंडा ए-केबिन और बिसरा के बीच ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों और लोको पायलट ने ट्रैक के पास हाथी को देखा और तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंट्रोल रूम ने तत्काल प्रभाव से सभी लाइनों पर ट्रेनें रोक दीं।
इसके बाद रेलवे और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से निगरानी करते हुए हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की तरफ खदेड़ा। हाथी के ट्रैक से पूरी तरह हटने की पुष्टि होने के बाद देर रात 2:57 बजे ट्रेनों की आवाजाही फिर से बहाल की जा सकी। सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की नियंत्रित रफ्तार से आगे बढ़ाया गया।
