रामगढ़। जिले की कुख्यात चुटूपालू घाटी में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दुर्घटना रांची-पटना मुख्य मार्ग पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकों की पहचान हजारीबाग शहर के मिशन स्कूल रोड (सैंडवेल नर्सिंग होम के पास) निवासी 70 वर्षीय पिमांशु चक्रवर्ती (एसबीआई से सेवानिवृत्त), उनके 32 वर्षीय बेटे प्रियांशु चक्रवर्ती और बहू प्रोनाई चक्रवर्ती के रूप में हुई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार पिमांशु चक्रवर्ती अपनी 60 वर्षीया पत्नी रीना चक्रवर्ती के साथ रविवार को रांची गए थे। वे बेंगलुरु से रांची लौटे अपने बेटे प्रियांशु और बहू प्रोनाई को रिसीव करने गए थे। रविवार देर रात जब पूरा परिवार रांची से वापस हजारीबाग लौट रहा था, तभी चुटूपालू घाटी में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

इस दुर्घटना में पिमांशु चक्रवर्ती, उनके बेटे प्रियांशु और बहू प्रोनाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी रीना चक्रवर्ती समेत परिवार के अन्य तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।