रामगढ़। रोटरी रामगढ़ सिटी एवं श्री सत्यनारायण मारवाड़ी धर्मशाला संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मारवाड़ी धर्मशाला, छट्टी बाजार में आयोजित तीन दिवसीय कृत्रिम अंग निर्माण एवं वितरण शिविर मंगलवार को संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन 9 से 11 अगस्त तक किया गया।

शिविर में जयपुर से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों और तकनीकी टीम ने जरूरतमंद दिव्यांगजनों की जांच एवं माप लेकर उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग तैयार किए और लाभार्थियों को उपलब्ध कराए। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके जीवन में आत्मविश्वास और नई उम्मीद जगाना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रामगढ़ विधानसभा की पूर्व विधायक सुनीता चौधरी ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना समाजसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

शिविर के आयोजन के लिए महावीर प्रसाद रूंगटा की ओर से रोटरी रामगढ़ सिटी को 51 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग दिया गया। संस्था की ओर से सहयोग के लिए उनके प्रति आभार जताया गया।

मौके पर श्री सत्यनारायण मारवाड़ी धर्मशाला संस्था के अध्यक्ष विमल बुधिया, मुरारीलाल अग्रवाल, रोटरी के चार्टर अध्यक्ष उमेश राजगढ़िया, रोहित पंसारी, दीपक खंडेलवाल, आदर्श चौधरी, प्रकाश अग्रवाल, अनिल गोयल, रूपेश गुप्ता, मनोज मित्तल, शंकर लाल अग्रवाल और नरेश अग्रवाल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

आयोजकों ने कहा कि “एक कदम आत्मनिर्भरता की ओर” की भावना के साथ आयोजित यह शिविर दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।