कसमार (बोकारो)। कसमार थाना क्षेत्र के दांतू बाजार टांड़ स्थित मड़ई मंदिर के समीप बुधवार रात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित कैलाश कुमार नायक ने कसमार थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को वह अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गए थे। लगातार बारिश के कारण वे रात में घर नहीं लौट सके। गुरुवार सुबह मोबाइल से घर के सीसीटीवी कैमरे की जांच करने पर सिस्टम ऑफलाइन मिला। इसके बाद जब वे घर पहुंचे तो बाहर का ताला सुरक्षित था, लेकिन अंदर के सभी ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से करीब एक किलो सोने के जेवरात, लगभग 10 किलो चांदी के आभूषण, 54,260 रुपये नकद, कांसा-पीतल के बर्तन, सीसीटीवी का एनवीआर, वाई-फाई कैमरे, सेट-टॉप बॉक्स समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
कैलाश कुमार नायक ने बताया कि उनके घर में यह दूसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले 13 सितंबर 2025 को भी चोरों ने इसी घर को निशाना बनाया था। लगातार दूसरी चोरी से परिवार में भय और चिंता का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कसमार थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
