​गिरिडीह। नगर थाना पुलिस ने जनसंपर्क कार्यालय में हुई चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी गया इनवर्टर, बैट्री समेत अन्य कई सामान बरामद कर लिए हैं।

​गुरुवार को नगर थाना में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में डीएसपी नीरज सिंह और थाना प्रभारी रतन सिंह ने मामले की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में से एक, मोहम्मद वारिस, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिमरियाधोड़ा का निवासी है, जबकि उसका साथी महताब अंसारी नगर थाना क्षेत्र के न्यू चूड़ी मोहल्ले का रहने वाला है।

​पुलिस तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि इन दोनों ने ही जनसंपर्क कार्यालय से सामान गायब किया था। हालांकि, इस घटना में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।