बोकारो। उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने शुक्रवार को सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन से जिले को आवंटित 39 नए बोलेरो पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस चरण में जिले को 39 नए पुलिस वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे पहले मार्च माह में भी बोकारो को 39 वाहन प्राप्त हुए थे।
उन्होंने कहा कि इन नए वाहनों के बेड़े में शामिल होने से जिले के सभी थानों और पुलिस बल की गतिशीलता व कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे अपराध नियंत्रण, नियमित गश्त, कानून-व्यवस्था के संधारण और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई को और अधिक प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सकेगा।
झारखंड पुलिस के मूल मंत्र "सेवा ही लक्ष्य" का जिक्र करते हुए आईजी ने कहा कि आमजन को बेहतर, त्वरित और संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नए संसाधनों के जुड़ने से पुलिस जनता की अपेक्षाओं पर और बेहतर ढंग से खरी उतरेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नए वाहनों का निरीक्षण किया तथा पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को इनका प्रभावी उपयोग करते हुए बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस मौके पर पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस जवान उपस्थित रहे।
