चतरा। टंडवा प्रखंड की बड़गांव पंचायत में नाबालिग बालिका के साथ हुई दुष्कर्म की जघन्य घटना के बाद पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है। रविवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बड़गांव पहुँचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पीड़िता के परिजनों, छोटे बच्चों और उनके दादा-दादी से बातचीत कर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने शोकाकुल और व्यथित परिवार को ढांढस बंधाते हुए न्याय का पूर्ण आश्वासन दिया।
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि मामले में किसी भी निर्दोष व्यक्ति पर पुलिसिया कार्रवाई तुरंत बंद होनी चाहिए और जो असल दोषी हैं, उन्हें चिन्हित कर सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर अदालत तक हर कदम पर परिवार के साथ खड़ी है और इस लड़ाई को अंत तक लड़ेगी।
मुलाकात के दौरान चतरा लोकसभा सांसद कालीचरण सिंह, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक कुमार उज्जवल दास, सिमरिया के पूर्व विधायक किशुन कुमार दास समेत भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
