रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ऑड्रे हाउस में डॉ. शोभा विजेन्द्र द्वारा लिखित पुस्तक ‘शतायु संघ और महिला सहभागिता’ की परिचर्चा के दौरान कहा कि आज महिलाएँ विज्ञान, खेल, शिक्षा और प्रशासन समेत हर क्षेत्र मंघ देश का मान बढ़ा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 'विकसित भारत-2047' के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी अत्यंत अनिवार्य है।

राज्यपाल ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति समाज-निर्माण में महिलाओं की एक शताब्दी की यात्रा को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर बल देते हुए उन्होंने संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के संवैधानिक प्रावधानों का उल्लेख किया और कहा कि राजनीतिक भागीदारी बढ़ने से नीतियां अधिक समावेशी बनेंगी।

पंचायतों और स्थानीय निकायों में महिलाओं के कार्यकुशल नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में स्त्रियों के आने से विकास अधिक मानवीय और संवेदनशील बनता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक शोधार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवा पीढ़ी को सार्थक चिंतन के लिए प्रेरित करेगी।