रांची। एमएमडीआर संशोधन कानून के खिलाफ भाकपा (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी झारखंड राज्य परिषद) अब दिल्ली में भी आवाज उठायेगी। उसने इसके लिए 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बदलाव जरूरी है रैली आयोजित करने का फैसला लिया है। भाकपा के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने रांची में सोमवार को प्रेस वार्ता में जानकारी देते कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों से देश में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ी है। चारों लेबर कोड लागू कर मजदूरों के अधिकार छीने जा रहे हैं। एमएमडीआर कानून में संशोधन कर जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा को कॉरपोरेट के हवाले किया जा रहा है। इसके खिलाफ देशव्यापी संघर्ष तेज किया जाएगा। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अब दिल्ली में रैली आयोजित की जाएगी। श्री पाठक ने कहा कि पार्टी की ओर से 13 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। एमएमडीआर कानून को वापस लिया जाए। खनिज संपदा को कॉरपोरेट के हवाले करना सरकार बंद करे। जल, जंगल, जमीन की लूट बंद हो। झारखंड को पांचवीं अनुसूची का पूरा अधिकार देने के साथ ही ग्राम सभाओं को भी अधिकार मिले। सीएनटी-एसपीटी जैसे कानूनों की रक्षा की जाए। प्रेस वार्ता में दलित अधिकार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान सभा के संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत और एटक के महासचिव अशोक यादव, ईसहाक अंसारी भी उपस्थित रहे।
आज खास
ब्रेकिंग
