चतरा। इटखोरी स्थित प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर की कीर्तन मंडली से जुड़े 35 वर्षीय पुजारी स्वामी श्रीनिवास (मूल नाम अमन द्विवेदी) का शव उनके आश्रम के कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है।

घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, अंचलाधिकारी सविता सिंह और डॉ. मृत्युंजय सिंह की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे में फंदे से लटक रहे शव को नीचे उतारा और प्राथमिक जांच शुरू की। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इटखोरी ले जाया गया, जहां डॉ. अशोक कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

मृतक पुजारी स्वामी श्रीनिवास मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले थे। परिजनों और परिचितों के अनुसार, उन्होंने अपने गांव के गुरुकुल से शिक्षा ग्रहण की थी और इसके बाद कुछ समय तक तिरुपति बालाजी मंदिर में भी रहे थे। वर्ष 2022 से वे मां भद्रकाली मंदिर की कीर्तन मंडली से लगातार जुड़े हुए थे।

अपने धार्मिक ज्ञान और सहज आचरण के कारण श्रद्धालुओं के बीच उनकी एक अलग पहचान थी। उन्होंने कई भक्तों को दीक्षा भी दिलाई थी। स्वामी श्रीनिवास की अचानक हुई मौत की खबर से मां भद्रकाली मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और कीर्तन मंडली के सदस्यों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।