​धनबाद। बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित अभद्र व्यवहार, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक समेत अन्य नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

​बुधवार को पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय ने धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजकर बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 के तहत पांच दिनों के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। एसोसिएशन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्य की सभी शाखाएं और पुलिसकर्मी मिलकर चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) समेत अन्य उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई है।

​एसोसिएशन द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, घटना 21 अगस्त की रात की है। आरोप है कि विधायक जयराम महतो ने पहले बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धमकी दी। इसके बाद देर रात वे अपने समर्थकों के साथ सीधे थाने पहुंचे और थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में घुसकर दुर्व्यवहार किया। आरोप यह भी है कि विधायक और उनके समर्थकों ने कार्यालय की मेज पर रखे सामान को इधर-उधर फेंका और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

​थाना प्रभारी के प्रतिवेदन के आधार पर 22 अगस्त को बरवाअड्डा थाने में मामला दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं (221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5)) के तहत विधायक जयराम महतो, 10 नामजद और 40-50 अज्ञात समर्थकों को आरोपी बनाया गया है।

​पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि इस घटना से पूरे राज्य के पुलिसकर्मियों में भारी रोष है। विधायक द्वारा सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से लगातार पुलिसबल के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। थाना प्रभारी को 'ऑफ ड्यूटी' रहने पर देख लेने की धमकी से पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए जल्द से जल्द कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।