जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर राउरकेला-टाटानगर-किऊल-मानसी-सहरसा-पूर्णिया-कटिहार के बीच सीधी नई रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने ट्रेन संख्या 28181/28182 के मार्ग में बदलाव अथवा विस्तार का भी सुझाव दिया है।

विधायक ने पत्र में टाटानगर-सहरसा रेल सेवा समिति, आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां की ओर से रखी गई जनहित की मांगों का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों श्रमिक, विद्यार्थी, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा व व्यवसाय के सिलसिले में टाटानगर, राउरकेला, चक्रधरपुर समेत झारखंड-ओडिशा के औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित रूप से आवागमन करते हैं।

वर्तमान में इन क्षेत्रों के बीच सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को विशेष परेशानी होती है।

पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री से राउरकेला-टाटानगर-किऊल-मानसी-सहरसा-पूर्णिया-कटिहार मार्ग पर दैनिक ट्रेन चलाने की मांग की। साथ ही उपलब्ध रेक और रेल संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए ट्रेन संख्या 28181/28182 को टाटानगर के बजाय राउरकेला से शुरू और समाप्त करने पर विचार करने का आग्रह किया।

उन्होंने सुझाव दिया कि नई ट्रेन की स्वीकृति और परिचालन होने तक 28181/28182 का मानसी स्टेशन के बाद सप्ताह में कुछ दिनों के लिए सहरसा-मधेपुरा-पूर्णिया-कटिहार मार्ग से संचालन किया जा सकता है।

विधायक ने कहा कि सीधी रेल सेवा शुरू होने से कोसी-सीमांचल और जमशेदपुर-राउरकेला औद्योगिक क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होगा। इससे मखाना सहित विभिन्न कृषि उत्पादों के व्यापार और विपणन को भी बढ़ावा मिलेगा तथा रेलवे के राजस्व में वृद्धि की संभावना है।

उन्होंने रेल मंत्री से जनहित और व्यावसायिक दृष्टिकोण से प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि इस रेल सेवा से झारखंड, ओडिशा और बिहार के बीच आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक संपर्क और मजबूत होगा।